स्वादिस्ट और बड़ी आसानी से बन जाने वाली आलू मटर की सब्जी सभी के घरों में बनाई जाती है. सूखी और तरीदार दोनों ही तरह से तैयार होने वाली इस करी का स्वाद बेहद बढ़िया होता है. आइए हम और आप मिलकर बनाएं स्वाद से भरी आलू मटर की सब्जी. (3 से 4 सदस्यों के लिए)


सामग्री 

1 कप मटर, फ्रोजन या फ्रेश

300 ग्राम उबले आलू

150 ग्राम टमाटर

2 हरी मिर्च

1 इंच टुकडा़ अदरक

2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ) हरा धनिया

2 से 3 टेबल स्पून तेल

½ टीस्पून जीरा

1 पिंच हींग

½ टीस्पून हल्दी पाउडर

1 टीस्पून धनिया पाउडर

¼ टीस्पून लाल मिर्च पाउडर

¼ टीस्पून चम्मच गरम मसाला

1 टीस्पून नमक या स्वादानुसार


विधि - How to make Aloo Matar Curry

1. टमाटर का पेस्ट बनाने के लिए. टमाटर, अदरक और हरी मिर्च को एक साथ मिक्सी में डालकर पीस लीजिए.

2. पेस्ट बनाने के बाद, पैन में 2 टेबल स्पून तेल डालकर गरम कीजिए. तेल गरम होने पर जीरा और हींग डाल दीजिए. जीरा चटखने के बाद हल्दी पाउडर, धनियां पाउडर और पिसा हुआ टमाटर-मिर्च-अदरक का पेस्ट डाल दीजिए और लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स कर लीजिए. मसाले को तब तक भूनिए जब तक कि मसाले के ऊपर तेल न तैरने लगे.

3. मसाला भुन जाने पर इसमें मटर के दाने डाल दीजिए और इसे मिक्स कीजिए. मटर को ढक दीजिए और धीमी आंच पर 2 से 3 मिनिट मटर के दानों को पकने दीजिए. इसी दौरान, उबले हुए आलू को छील लीजिए.

4. बाद में, मटर को हाथ से दबाकर चैक कीजिए. मटर नरम होने पर इसमें आलू को हाथ से तोड़कर डाल दीजिए. इन्हें मिक्स करके आंच तेज कर लीजिए और 1 से 2 मिनिट आलू मटर को लगातर चलाते हुए भून लीजिए.

5. फिर, सब्जी में 1 कप पानी डाल दीजिए. साथ ही, नमक, गरम मसाला और थोडा़ सा हरा धनिया डाल कर अच्छे से मिक्स कर लीजिए. सब्जी को ढककर 3 से 4 मिनिट पकने दीजिए.

6. 4 मिनिट बाद, मटर आलू की सब्जी बनकर के तैयार है, गैस बंद कर दीजिए. सब्जी को किसी प्याले में निकाल लीजिए. सब्जी के ऊपर थोड़ा हरा धनिया डालकर गार्निश कर दीजिए. साथ ही, इसे और स्वादिष्ट बनाने के लिए इसके ऊपर 1 चम्मच घी भी डाल दीजिए. गरम-गरम आलू मटर की सब्जी को फुल्के, परांठे, पूरी या चावल के साथ परोसिए और चाव से खाइए.